Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

परमाणु नगर में स्वच्छता और नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित परमाणु नगर सोसाइटी में इस वर्ष गणतंत्र दिवस को खास और संदेशपूर्ण तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की थीम स्वच्छता और नारी सशक्तिकरण होगी।

बैठक में बताया गया कि 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम का संचालन पूरी तरह महिलाओं के हाथों में रहेगा। महिलाएं न केवल मंच संचालन करेंगी, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद के माध्यम से भारत माता की संघर्षपूर्ण यात्रा, संविधान की भावना और महिलाओं की भूमिका को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगी। आयोजन का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना है।

सोसाइटी पदाधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि गणतंत्र दिवस के बाद पूरे सप्ताह स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कॉलोनी की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त परिसर और स्वच्छता के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बच्चों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में मौजूद संरक्षक राहुल कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं। वहीं अन्य सदस्यों ने इसे एक सामाजिक आंदोलन का रूप देने की बात कही। बैठक में मिथलेश सिंह, वी.डी. प्रसाद, एस.के. चौबे, मनीष कुमार, किशोर प्रसाद, डी.पी. सिंह, प्रकाश सिंह, अजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महिला सदस्यों में वीवा सिंह, रीना सिंह, पूजा, सीमा और सविता सिंह सहित अन्य महिला निवासियों ने भी आयोजन को लेकर उत्साह जताया और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया। सोसाइटी प्रबंधन का मानना है कि इस तरह के आयोजन से गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न रहकर सामाजिक बदलाव का माध्यम बनेगा।

Related Post