जमशेदपुर: विश्वकर्मा समाज का पारिवारिक मिलन सह वनभोज कार्यक्रम 18 जनवरी 2026 को सिदगोड़ा स्थित पार्क में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के 5,000 से अधिक सदस्यों की सहभागिता रही। यह जानकारी समाज के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने दी।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष विकास राणा एवं समाज के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शोभा झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं उनकी पत्नी सुधा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति से और बढ़ गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बन्ना गुप्ता ने समाज के लोगों से शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस से बातचीत करते हुए जमशेदपुर विश्वकर्मा समाज के महामंत्री सुजीत कुमार शर्मा ने बताया कि समाज की महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रदर्शनी सह बिक्री स्टॉल लगाए गए, जिससे उन्हें अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और व्यवसायिक अवसर प्राप्त करने का मंच मिला।
इस वर्ष पारिवारिक मिलन कार्यक्रम का संचालन महिला जमशेदपुर विश्वकर्मा समाज के सहयोग से किया गया। महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल पर लोगों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की और उनके उत्पादों की सराहना की।
समाज द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के लिए ऑन-स्पॉट प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
पूरा कार्यक्रम सामाजिक एकता, पारिवारिक सौहार्द और प्रतिभा प्रोत्साहन का सशक्त उदाहरण बना।

