Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

किरायेदार से चल रहे विवाद के बीच जेम्को मनीफीट में सड़क किनारे मिला जसपाल सिंह गोगी का शव, इलाके में सनसनी

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को मनीफीट के पास सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। मृतक की पहचान टुईलाडुंगरी निवासी 62 वर्षीय जसपाल सिंह गोगी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में जसपाल को टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों के अनुसार, जसपाल सिंह गोगी झारखंड अल्पसंख्यक सिख संघर्ष मोर्चा के प्रमुख रहे स्वर्गीय निरंजन सिंह किंग के पुत्र थे और समाज में एक सक्रिय सिख नेता के रूप में जाने जाते थे। सोमवार को टुईलाडुंगरी गुरुद्वारा में शहीदी दिवस के अवसर पर समागम आयोजित था, जहां जसपाल सेवा कार्य में जुटे हुए थे। दोपहर करीब 2.30 बजे वे अपनी स्कूटी से जेम्को स्थित अपने दूसरे मकान की ओर निकले थे, जहां लंबे समय से किरायेदार को लेकर विवाद चल रहा था।

परिजनों ने बताया कि जेम्को मनीफीट स्थित उनके मकान में माधवी दत्ता नामक महिला अपने बेटे के साथ किराए पर रह रही थी, जिसने बीते चार वर्षों से किराया नहीं दिया था। इस मकान में कुल आठ कमरे हैं, लेकिन उक्त महिला के कारण अन्य किरायेदार भी वहां टिक नहीं पाए। किराया नहीं मिलने को लेकर पूर्व में टेल्को थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था, जिसके बाद कुछ समय तक किराया दिया गया, लेकिन बाद में फिर से भुगतान बंद कर दिया गया। आगामी 15 जनवरी को जसपाल उस मकान में मरम्मत कार्य कराने वाले थे।

परिजनों का आरोप है कि सोमवार को जसपाल किराया मांगने के लिए जब वहां पहुंचे, तो किरायेदार महिला के साथ विवाद हुआ और इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि जसपाल की मौत के बाद महिला ने अपने बेटे की मदद से शव को घर से बाहर गली में फेंक दिया। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि जसपाल सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जसपाल के बड़े भाई सर्बजीत सिंह समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें ऑटो से टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में खबर फैलते ही समाज के कई प्रबुद्ध लोग भी पहुंचने लगे। टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन टाटा डिवीजन के डिप्टी प्रेसिडेंट परविंदर सिंह सोहल, सीजीपीसी के पूर्व महासचिव जसवंत सिंह भोमा, जसबीर सिंह पदरी सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। मृतक की बेटी सिमरनजीत कौर भी अस्पताल पहुंची, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। गोलमुरी पुलिस मामले में सहयोग कर रही है, जबकि टेल्को थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Post