Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

मानगो में एनसीपी की बैठक, नगर निकाय चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

जमशेदपुर। सोमवार को आगामी झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की ओर से मानगो क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मानगो नगर निकाय क्षेत्र के प्रभारी तन्मय सरकार ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष सौरव ओझा ने किया। इस अवसर पर एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव (नगर निकाय) डॉ. पवन पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि झारखंड में बहुत जल्द नगर निकाय चुनाव की घोषणा होने के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता पुनरीक्षण और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जो चुनाव की तैयारियों का स्पष्ट संकेत है।

डॉ. पांडेय ने बताया कि एनसीपी ने राष्ट्रीय चुनाव आयोग को पत्र लिखकर यह मांग की है कि मतदाता पुनरीक्षण के साथ-साथ जाति प्रमाण-पत्र निर्गत कराने की दिशा में भी ठोस पहल की जाए। उन्होंने कहा कि कई बार चुनाव के समय जाति प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने या उसमें त्रुटि होने के कारण उम्मीदवारों का नामांकन रद्द हो जाता है, जिससे वे चुनाव लड़ने के अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित रह जाते हैं। यदि यह प्रक्रिया पहले से सुचारु रूप से पूरी कराई जाए तो बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संविधान में विभिन्न जातियों और परंपराओं के अनुसार प्रावधान किए गए हैं। समाज में अपनी परंपराओं का पालन करने के बावजूद केवल प्रमाण-पत्र के अभाव में लोगों का संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहना उचित नहीं है। ऐसे में चुनाव आयोग का दायित्व है कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति को चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का पूरा अवसर मिले।

डॉ. पवन पांडेय ने चुनाव आयोग से अविलंब सकारात्मक पहल करने की अपील करते हुए कहा कि इससे चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह नहीं रहेगा और अधिक से अधिक लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी कर सकेंगे।

बैठक में जितेंद्र मिश्रा, कन्हैया अग्रवाल और विनोद सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post