Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

थोलको के पास ट्रक–कार की भीषण टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर घायल

चाईबासा। सरायकेला जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत सरायकेला–चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बड़ा थलको (थोलको) गांव के समीप उस समय हुआ, जब चाईबासा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की सरायकेला की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार से आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर कार संख्या JH05AQ-4961 के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की प्रक्रिया चल रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सरायकेला–चाईबासा मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही पांड्राशाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त किया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Post