चाईबासा: अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन का 12वां अधिवेशन “शक्ति संगम” गोविंदपुर, धनबाद में 18 सितंबर को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। अधिवेशन का आयोजन समिति और वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा सुव्यवस्थित तरीके से किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
अधिवेशन के दौरान विभिन्न शाखाओं द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर पारितोषिक और सम्मान प्रदान किए गए। इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से मुकुंद रुंगटा को उनके सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
चाईबासा शाखा को विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों के लिए कई श्रेणियों में सम्मान प्राप्त हुआ। शाखा अध्यक्ष चंचल सराफ को कार्यकारिणी बैठक के आयोजन, श्रीमद्भागवत कथा आयोजन, नेत्रदान शिविर, गोशाला में सोलर लाइट स्थापना, सृजन शाखा के गठन और श्रेष्ठ शाखा के लिए सम्मानित किया गया।
शाखा सचिव निशा केडिया को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में नई शाखाएं खोलने के प्रयास, 101 बार रक्तदान कराने तथा लड़कियों को स्वरोजगार के तहत पाक कला प्रशिक्षण देने के लिए सम्मान मिला।
इसके अलावा हेमलता अग्रवाल को प्रांतीय उपाध्यक्ष बनने पर, आशा खिरवाल को बाल विकास के क्षेत्र में कार्य के लिए और कविता शर्मा को साहित्य, संस्कार एवं मंच संचालन के लिए सम्मानित किया गया।
अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए “नारी शक्ति राष्ट्र शक्ति” का संदेश दिया गया।

