Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

टाटा मेन हॉस्पिटल के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह आयोजित

जमशेदपुर:टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को बेसिक बीएससी नर्सिंग के चार बैच के विद्यार्थियों के लिए भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

समारोह की मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता रहीं। उनके आगमन पर कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक झारखंडी लोक नृत्य प्रस्तुत कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय के अधिकारी, जमशेदपुर स्थित अन्य विश्वविद्यालयों के गणमान्य अतिथि, कॉलेज की गवर्निंग बॉडी एवं प्रबंधन समिति के सदस्य तथा टाटा मेन हॉस्पिटल के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 100 नर्सिंग विद्यार्थियों को माननीय कुलपति द्वारा डिग्रियां प्रदान की गईं। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी विद्यार्थियों के अभिभावक भी बने, जिनके चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।

अपने संबोधन में प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में नर्सों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल उपचार का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि मरीजों के लिए सहानुभूति, सेवा और विश्वास का प्रतीक होती हैं। उन्होंने नवस्नातक नर्सों से पेशेवर आचरण, नैतिक मूल्यों और करुणा को अपने कार्य का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और राष्ट्र की स्वास्थ्य सेवा में उनके महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा के साथ किया गया।

Related Post