जमशेदपुर। टाटा स्टील फाउंडेशन और जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी (जेसीएस) के सहयोग से मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट की शुरुआत की गई। इस महत्वपूर्ण पहल के तहत मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट (एमसीएसयू) को रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट द्वारा मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (एमटीएमएच) को मंगलवार को दान किया गया है, जिससे इस संयुक्त प्रयास को और मजबूती मिली है।
इस पहल के शुभारंभ अवसर पर कैंसर स्क्रीनिंग वैन का विधिवत उद्घाटन कर उसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट का यह सहयोग रोटरी ग्लोबल ग्रांट के माध्यम से संभव हुआ, जिसमें 54 रोटेरियनों, उनके परिवारजनों और मित्रों का व्यक्तिगत योगदान शामिल है। इसके अतिरिक्त इस पहल को आरएसबी फाउंडेशन की ओर से सीएसआर सहयोग भी प्राप्त हुआ है।
मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट कालींगानगर, मेरामंडली और पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में लोगों के घर-द्वार तक पहुंचकर मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इससे कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर इलाज की सुविधा सुनिश्चित होगी, जो मरीजों के जीवन की रक्षा में अहम भूमिका निभाएगी।
टाटा स्टील फाउंडेशन, जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट और आरएसबी फाउंडेशन के बीच यह सहयोगी प्रयास सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर चुनौतियों से निपटने और वंचित समुदायों के लिए समान व सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त उदाहरण है।

