Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सरायकेला पोस्ट ऑफिस से सीबीआई ने दो अधिकारियों को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा

सरायकेला। सरायकेला जिले के डाक विभाग में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सरायकेला पोस्ट ऑफिस में छापेमारी कर एक पोस्टल असिस्टेंट और एक पोस्टल इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारी ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) पद पर नियुक्त उम्मीदवार से योगदान स्वीकार करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, जीडीएस पद के लिए चयनित उम्मीदवार रंजन दास ने सीबीआई से शिकायत की थी कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए उससे 20 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद सीबीआई ने कार्रवाई की योजना बनाई।

डीएसपी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जाल बिछाया और दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उनके आवासों पर तलाशी भी ली, हालांकि वहां से कोई विशेष दस्तावेज या अतिरिक्त नकदी बरामद नहीं हुई।

गिरफ्तार दोनों अधिकारियों को गुरुवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी मामले की आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस प्रकरण में और कौन-कौन शामिल हैं।

Related Post