Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

जुगसलाई में खड़ी कार में अचानक लगी आग, बाल-बाल बचे लोग

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक के पास सोमवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब मुनका होंडा मोटरसाइकिल शोरूम के पास खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। कार पर “प्रेस” लिखा हुआ था और उसकी पहचान नंबर JH 05 DJ 0907 के रूप में हुई है। वाहन के मालिक एच. के. अग्रवाल बताए जा रहे हैं, जो जुगसलाई के दुखु मार्केट के निवासी हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोरूम के पास सड़क किनारे पहले से ही कचरे में आग जल रही थी। हवा के तेज बहाव और बढ़ते तापमान के कारण आग की लपटें कार तक पहुंच गईं, जिससे देखते ही देखते वाहन धुएं और आग की लपटों से घिर गया। लोगों ने शोर मचाकर आस-पास के दुकानदारों और राहगीरों को सतर्क किया। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी और रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। सौभाग्य से, कार में उस वक्त कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग पास के कचरे में लगी लपटों से कार तक फैली। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Related Post