जमशेदपुर: टाटा स्टील की परियोजनाओं के खिलाफ सोनारी बस्ती के लोगों ने सोमवार को जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एयरपोर्ट विस्तार और सड़क चौड़ीकरण की योजना से बच्चों के खेलने का मैदान और धार्मिक स्थल दोनों प्रभावित हो सकते हैं, जिससे क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक संरचना पर खतरा मंडरा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने ‘मैदान बचाओ, अस्तित्व बचाओ’ के बैनर तले प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारे लगाए और मांग की कि विकास योजनाएँ इस तरह बनाई जाएँ, जिससे आम लोगों की भावनाएँ आहत न हों और सार्वजनिक स्थलों को नुकसान न पहुँचे।
स्थानीय लोगों ने यह भी सुझाव दिया कि एयरपोर्ट विस्तार का रास्ता दूसरी दिशा से निकाला जा सकता है, जहाँ टाटा स्टील के क्वार्टर और गोल्फ ग्राउंड मौजूद हैं। प्रदर्शन में शामिल सोनारी निवासी अजित तिर्की ने कहा, “हम विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन हमारे बच्चों का मैदान और धार्मिक स्थल सुरक्षित रहना चाहिए। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए दूसरा रास्ता भी संभव है।”
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएँ, बुजुर्ग और युवा मौजूद रहे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और टाटा स्टील ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

