चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम पुलिस ने रविवार की शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी मिली थी कि सरायकेला की ओर से एक व्यक्ति हथियार लेकर चाईबासा की ओर आ रहा है और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना में है।
सूचना की पुष्टि होते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस ने एक छापामारी दल का गठन किया और टोंटो पुलिया के पास वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (संख्या JH06F 2913) पर सवार व्यक्ति को रोका गया। तलाशी में उसके पास से एक देशी लोडेड पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रमेश दास (44 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामाशीष दास, निवासी गुटूसाई तुरीटोला, थाना मुफ्फसिल, जिला पश्चिम सिंहभूम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने अपने अपराध की बात स्वीकार की।
पुलिस ने विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए हथियारों को जब्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 180/25, दिनांक 10 नवंबर 2025 के तहत धारा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी पु.अ.नि. विनोद कुमार, पु.अ.नि. अरविंद कुमार कुशवाहा, स.अ.नि. निमाई टुडू तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार लेकर कहां और किस उद्देश्य से जा रहा था।

