Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

हजारीबाग पुलिस का ऑपरेशन सफल, 42.5 लाख की अफीम बरामद, चार तस्कर चढ़े हत्थे

हजारीबाग: जिले के मुफसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 42.5 लाख रुपये मूल्य की 8.2 किलोग्राम अफीम बरामद की है और चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में मिली।घटना शनिवार देर रात करीब 11:45 बजे की है, जब पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को जानकारी मिली कि मुफसिल थाना क्षेत्र के कत्था फैक्ट्री के पास, टोयोटा शोरूम के सामने, एनएच-33 रोड, मुकुंदगंज के निकट कुछ लोग अफीम की डील करने वाले हैं। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थल पर पहुंचकर चार संदिग्धों को देखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस कर्मियों ने चारों को पीछा कर पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उनके पास से चार बैग बरामद हुए, जिनमें अवैध अफीम रखी हुई थी। कुल 8.2 किलोग्राम अफीम की जब्ती की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 42.5 लाख रुपये है। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने बताया कि वे अफीम चतरा से लेकर हरियाणा बेचने जा रहे थे।गिरफ्तार आरोपियों में सचिन कुमार (18), राकेश कुमार मेहता (20), नन्कु ठाकुर (24) और अनिल दोंगी (45) शामिल हैं। सभी आरोपी चतरा और हजारीबाग जिला क्षेत्रों के निवासी हैं। इस संबंध में मुफसिल थाना कांड संख्या 187/25, दिनांक 09 नवंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(C), 21(C) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।छापामारी दल में अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस निरीक्षक विद्यावती ओहद्वार, थाना प्रभारी रौशन बर्णवाल, पु०अ०नि० संजय रतन, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस सफलता की सराहना करते हुए पूरे दल को प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post