Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

जुगसलाई गोलीकांड के आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार, नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे

जमशेदपुर। जुगसलाई क्षेत्र में पहले हुए गोलीकांड में शामिल तीन अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बरामद हथियारों और आपत्तिजनक सामान के साथ यह खुलासा हुआ कि वे किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इस संबंध में सीटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने रविवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खरकई नदी रेलवे ब्रिज के पास तीन संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और देर रात छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से दो स्वचालित पिस्टल और एक मैगजीन का स्प्रिंग बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा थाना क्षेत्र के निवासी हयात अहमद, मोइनुद्दीन और शाकिब हुसैन के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 18 से 19 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने यह स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले उन्होंने जुगसलाई में जफर अली उर्फ मुर्गा राजू पर फायरिंग की थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

सीटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से आए और वे किन अन्य लोगों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई है, लेकिन शहर में अवैध हथियारों का नेटवर्क अब भी सक्रिय है।

छापेमारी दल में तौकिर आलम के नेतृत्व में शनि बर्धन, बैजनाथ कुमार, निरीक्षक गौतम कुमार, आलोक कुमार, मनोज कुमार गोराई, दुर्गा तिर्की, जगतपाल मांझी, हवलदार बासुदेव महतो, गोधन राम और कृष्ण कुमार रजव शामिल थे। प्रशासन ने अब ऐसे गिरोहों पर सख्त निगरानी और अभियान तेज करने की योजना बनाई है, ताकि युवाओं को अपराध की राह से दूर रखा जा सके।

Related Post