Breaking
Sun. May 10th, 2026

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या, परिवार में गहरा शोक

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू स्थित धोबी लाइन रोड नंबर 6 में शनिवार देर शाम 20 वर्षीय विशाल प्रमाणिक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। विशाल पेशे से ऑटो चालक था और उसके पीछे एक डेढ़ साल का मासूम बच्चा रह गया। घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।

जानकारी के अनुसार, विशाल और उसकी पत्नी के बीच शनिवार शाम किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर विशाल घर के बाथरूम में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर गए, जहां उन्हें विशाल फंदे से लटका हुआ मिला। आनन-फानन में उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों और परिवार के अनुसार, विशाल शराब का आदी था। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में सभी पहलुओं की समीक्षा कर रही है।

Related Post