जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। टिनप्लेट सब्जी मार्केट के पास छापेमारी कर पुलिस ने 24 वर्षीय राजा भारती नामक युवक को गिरफ्तार किया है। वह गोलमुरी नेहरू कॉलोनी स्लैग रोड का रहने वाला है। उसके पास से 35 पुड़िया ब्राउन शुगर जिसका कुल वजन 1.85 ग्राम है, 1550 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक युवक नशे की पुड़िया बेचने का काम करता है। सूचना के बाद डीएसपी सुनील कुमार चौधरी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और देर रात टिनप्लेट सब्जी मार्केट के पास छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसका पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि राजा भारती से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था और इलाके के कुछ युवाओं को नशे की पुड़िया सप्लाई करता था। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह ब्राउन शुगर कहां से लाता था और उसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।

