Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

बीमारी से परेशान युवक ने की आत्महत्या, गर्भवती पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल

जमशेदपुर। बीमारी से परेशान होकर एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे की है। मामला जमशेदपुर के सितारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह बाबरी बस्ती का है, जहां 38 वर्षीय जोशी बाउरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, घटना के वक्त जोशी घर पर अकेला था। उसकी मां और पत्नी घर पर नहीं थीं। जब वे लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। जोशी पंखे के सहारे फांसी पर झूल रहा था। बताया जा रहा है कि वह भुइयांडीह में लकड़ी टाल में काम करता था और पिछले एक हफ्ते से बीमारी को लेकर मानसिक रूप से परेशान था।

मृतक के परिवार में उसका एक बेटा है और पत्नी गर्भवती हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Post