Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

वज्रपात से खेत जोत रहे युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित तांतनगर ओपी क्षेत्र के रुतासाईं गांव में गुरुवार को खेत जोतने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक मुदुइया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सीताराम सवैया को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रुतासाईं गांव निवासी दीपक मुदुइया, सावन सवैया, रेगा मुदुइया और सीताराम सवैया खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहे थे। इसी बीच मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज चमक-गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। तभी खेत के पास जोरदार वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर चारों युवक बुरी तरह झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को एंबुलेंस से चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। सावन और रेगा की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Post