Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

खरकई नदी में युवक की डूबने से मौत, दोस्त मौके से फरार, सुरक्षा उपायों की मांग तेज

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के0 गिद्दी झोपड़ी स्थित फुटबॉल मैदान के पास सोमवार को खरकई नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर पांच निवासी विजय मिश्रा (22) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय अपने चार-पांच दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहराई में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर उसके साथी घबरा गए और भाग निकले। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद बागबेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी बड़ौदा घाट में नहाने गए तीन युवकों में से दो की डूबकर मौत हो गई थी। लगातार हो रही डूबने की घटनाओं से स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को नदी के खतरनाक हिस्सों को “डेंजर पॉइंट” घोषित कर वहां लाइफगार्ड, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल करने चाहिए।

Related Post