धनबाद – बकरीद पर्व को लेकर धनबाद पुलिस ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से दूर रहें।
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बकरीद के मौके पर नमाज़ केवल निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाए। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि वे किसी भी समुदाय, व्यक्ति या धर्म विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कोई भी सामग्री—जैसे फोटो, वीडियो या टिप्पणी—सोशल मीडिया पर साझा न करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, भ्रामक सूचना शेयर करने वाले ग्रुप एडमिन को भी दोषी माना जाएगा।
धनबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे किसी अप्रिय घटना, अफवाह या असामाजिक गतिविधि की जानकारी पाते हैं, तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। इसके लिए मोबाइल नंबर 9262998499, 0326-2311217 अथवा डायल 112 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि जिले में पर्व को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। युवाओं से अपील की गई है कि वे त्योहार के दौरान नशा न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सावधानी से वाहन चलाएं।

