Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

परसुडीह में जेसीबी की चपेट में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, हेलमेट भी नहीं बचा सका

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खासमहल चार खंभा चौक के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की जेसीबी की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक हेलमेट पहने हुए था, बावजूद इसके जेसीबी के पहिए के नीचे आने से उसकी जान नहीं बच पाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना दिन के करीब दो बजे घटी जब एक जेसीबी गलत दिशा से सड़क पर तेजी से आती हुई नजर आई। इसी दौरान उसने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। जेसीबी का पहिया सीधे बाइक सवार के सिर के ऊपर से गुजर गया। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी उसे नहीं बचा सका।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने जेसीबी चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर परसुडीह थाना महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित होने के चलते पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जेसीबी और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है।

घायल बाइक सवार को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि मृतक युवक सिदगोड़ा क्षेत्र का रहने वाला था। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान की पुष्टि कर उसके परिवार को सूचित करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Post