सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया ने झारखण्ड राज्य के मुख्यमंत्री का ध्यानाकृष्ट कराते हुये कहा है कि पिछले कुछ महीनों से कोल्हान समेत पूरे राज्य में बालू की किल्लत देखी जा रही है। राज्य के विकास हेतु चल रहे बड़े निर्माण कार्यों जैसे, उद्योग हेतु फैक्ट्री/प्लांट्स, सड़क के साथ बिल्डर्स एवं रियल स्टेट के कार्यों को पूरा करने हेतु बालू कि अति आवश्यकता है लेकिन पिछले कुछ महीनों से राज्य में बालू की किल्लत हो जाने से यह सभी निर्माण के कार्यों में जो तेजी आनी चाहिए थी वो नहीं हो पा रही है तथा कुछ निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं। इससे राज्य के विकास की गति भी रूक गई है और राज्य के राजस्व में क्षति हो रही है।
उन्होनंें कहा कि बालू की कमी से छोटे-मोटे पूर्व निर्मित भवन, घर मरम्मतीकरण के कार्य जैसे टाईल्स, पाईप फिटिंग्स एवं अन्य दूसरे कार्यों में रूकावट आ रही है। इस क्षेत्र से जुड़े दूसरे सामानों के व्यापार में भी गिरावट देखी जा रही है। फलस्वरूप इस क्षेत्र से जुड़े व्यवसायी, कामगारों, छोटे दिहाड़ी मजदूरों और इनसे संबंधित लाखों लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और बेरोजगारी बढ़ने की भी आशंका है।
उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुये जनहित, राज्यहित, राजस्वहित में तुरंत ही इसपर उचित निर्णय लेने की आवश्यकता है जिससे बालू की सप्लाई सामान्य एवं सुचारू रूप से हो सके और स्थिति में सुधार आये।

