*के.पी.एन.एस. बी.एड. कॉलेज में नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत….*
बेतला बरवाडीह संवाददाता अख्तर अंसारी की रिपोर्ट
किन्नी,चैनपुर स्थित कुँवर पिरथी नाथ सिंह बी.एड. कॉलेज में बुधवार को नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत चेयरमैन श्यामकिशोर सिंह व सेक्रेटरी अमिता कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। स्वागत भाषण अजय कुमार ने दिया। चेयरमैन श्यामकिशोर सिंह ने कहा स्कूल से निकल कर कॉलेज की ओर बढ़ने वाली छात्र-छात्राओं की जिम्मेदारी बढ़ रही है।

विद्यार्थी ही भारत का कल हैं और उनको ही अपने कल को बेहतर बनाना है। अच्छे भविष्य के लिए विद्यार्थियों को अच्छे कैंपस की जरूरत होती है। इस कैम्पस के जरिये विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य बनाने का मौका दिया जा रहा है। हमारा लक्ष्य कॉलेज को आगे नहीं बल्कि शिक्षार्थियों को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें सफल करते हुए देश को आगे बढ़ाना है।
नवांगतुक छात्रा दीक्षा कुमारी ने कविता के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा अगर छात्राएं शिक्षित होंगी तो देश की गरीबी, महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार सहित अन्य सारी कमियां देश से कोसों दूर चली जाएंगी। मंच संचालन स्मिता रानी व प्रेरणा ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन नन्दलाल विश्वकर्मा द्वारा दी गयी । समारोह में महाविद्यालय प्रबन्धन के अजय द्विवेदी, प्राध्यापक चन्दन कुमार गुप्ता, महानन्द महतो, संतोष चंद्रवंशी, संजीव कुमार, विक्रम देव, अंशुद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
*छात्रों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा…..*
आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान से कार्यक्रम का आगाज किया। छात्राओं द्वारा हिंदी, हरियाणवी एवं क्षेत्रीय गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।

शिक्षा क्यों जरूरी…संदेश विषय पर जाहिद व सहयोगी टीम द्वारा नाटक की प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें म्यूजिकल चेयर रेस, एनवेलप ऑफ सस्पेंस सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्मिता रानी, दीपमाला द्वारा किये गए नृत्य ने मंत्रमुग्ध कर दिया । अर्चना व उसकी सहयोगी टीम द्वारा की गई आदिवासी संस्कृति पर आधारित नृत्य तथा भरतनाट्यम ने दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया ।

