लातेहार ज़िले के बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छिपादोहर बरवाडीह रेलवे स्टेशन के बीच उक्कामांढ़ के पास गुरुवार की रात रेलवे ट्रक से एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। अज्ञात अपराधियों ने हत्या करने के बाद उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।
मृतक की पहचान केड़ गांव के राजेश्वर यादव के पुत्र ओम प्रकाश यादव 18 वर्ष के रूप में की गई। रेल पटरी पर ओम प्रकाश का शव ट्रेन से कट कर दो टुकड़ों में बंट गया था। पुलिस ने शुक्रवार को शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजा।
पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान पास की सड़क पर खून के धब्बे और गोलियों के खोखे बरामद किए। शव पर भी कई गोलियां मारे जाने के घाव मिले।
मृतक के पिता राजेश्वर यादव ने बताया कि उसका बेटा ओम प्रकाश गुरुवार को सुबह करीब नौ बजे घर से बाहर निकला था। शाम तक जब वह घर नही लौटा तो उसका पता लगाने का प्रयास किया गया,लेकिन उसका कहीं पता नही चला। शुक्रवार को सुबह उसके बेटे का शव रेलवे लाइन पर रहने के बारे में जानकारी मिली।
मृतक ओम प्रकाश के बड़ा भाई ललन यादव ने बताया कि गुरुवार को डेढ़ बजे तक उसे केड़ चौक के पास देखा गया था, लेकिन इसके बाद वह कहीं नही दिखा। शुक्रवार को सुबह छिपादोहर थाना से उसे इस बारे में सूचना मिली।
गोलियां मारकर शव बरवाडीह के निकट रेलवे ट्रैक पर फेंका, पुलिस ने शुरू की जांच
उन्होंने बताया कि ओम प्रकाश का हाथ पीछे कर गमछा से बंधा हुआ था। उसके शरीर पर कई गोली मारे जाने का निशान था। उसका मोबाइल भी नही था।
इधर बरवाडीह थाना प्रभारी श्रीनिवास सिंह ने भी ओम प्रकाश की गोली मारकर हत्या करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस वारदात को अज्ञात अपराध कर्मियों ने अंजाम दिया है। हत्या की जांच करते हुए उन अपराध कर्मियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

