जमशेदपुर: धनतेरस, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने शहरवासियों से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की है। कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने कहा कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करना केवल सामान खरीदना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और रोजगार को मजबूत करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली रौनक स्थानीय बाजारों और दुकानों में होती है। छोटे व्यापारी पूरे साल त्योहारों का इंतजार करते हैं। स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने पर न केवल व्यापारियों के परिवारों को आर्थिक सहयोग मिलता है, बल्कि उनके कर्मचारियों और कारीगरों की आजीविका भी सुरक्षित रहती है।
सोंथालिया ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी और बड़े कॉरपोरेट प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच स्थानीय व्यापारियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में त्योहारों के दौरान स्थानीय दुकानदारों को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैट का उद्देश्य किसी खरीदारी माध्यम का विरोध करना नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने शहरवासियों से धनतेरस पर स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने, दीपावली पर शहर के बाजारों को रोशन करने और छठ महापर्व की पूजा सामग्री स्थानीय विक्रेताओं से खरीदने की अपील की। साथ ही स्थानीय कारीगरों, छोटे दुकानदारों और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
सोंथालिया ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में छोटे व्यापारियों और दुकानदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस त्योहार पर अपने घर में दीप जलाने के साथ किसी स्थानीय व्यापारी के घर में भी खुशियों का दीप जलाएं। आपकी छोटी-सी खरीदारी किसी परिवार के लिए बड़ी खुशी का कारण बन सकती है।

