Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

पारिवारिक विवाद में पत्नी की चाकू मारकर हत्या, दूसरा पति गिरफ्तार

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरूडीह बस्ती में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना एक नवंबर की रात की है। मृतका की पहचान राधिका सवैया के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके दूसरे पति विजय बानरा पर लगा है।

पुलिस के अनुसार, रविवार की रात किसी बात को लेकर विजय बानरा और राधिका सवैया के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान विजय ने राधिका पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में मृतका की सास बसंती सिंकू के लिखित आवेदन के आधार पर आरआईटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने प्राथमिकी के बाद जांच शुरू की और अनुसंधान के क्रम में आरोपी विजय बानरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Post