Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

*गलत पार्किंग पर 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई*

चाईबासा: सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला परिवहन विभाग, पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम ने झींकपानी-हाटगम्हरिया सड़क पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान गलत और खतरनाक तरीके से वाहन खड़े करने के मामले में 22 वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन तुती, पुलिस उपाधीक्षक सह झींकपानी थाना प्रभारी अमित कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक रजीव कुमार सहित सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य शामिल थे।

जांच के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने भारी वाहन चालकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करते समय सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पार्किंग के दौरान वाहन का एक चक्का सड़क से नीचे उतारकर खड़ा करें, ताकि सड़क पर दूसरे वाहनों के आवागमन में परेशानी न हो। सभी वाहन निर्धारित पार्किंग लाइन में सड़क की एक ही तरफ खड़े किए जाएं। यातायात की विपरीत दिशा में वाहन खड़ा करने से बचें।

उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वहीं, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन तुती ने कहा कि गलत तरीके से वाहन पार्क करने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसी पार्किंग के कारण दुर्घटना होने पर वाहन चालक के साथ वाहन मालिक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़कर वाहन पार्क करने की अपील की है।

Related Post