चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्राकृतिक आपदा और विभिन्न दुर्घटनाओं से प्रभावित 175 आश्रितों एवं आवेदकों को 31 लाख 66 हजार रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि देने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में सड़क दुर्घटना, सर्पदंश, अतिवृष्टि, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और वज्रपात से हुई मृत्यु के मामलों की समीक्षा की गई। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं के कारण कच्चे और पक्के मकानों को आंशिक या पूर्ण रूप से हुए नुकसान से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। सभी मामलों की जांच और समीक्षा के बाद पात्र आश्रितों एवं आवेदकों को सहायता राशि देने की मंजूरी दी गई।
बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आपदा और दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे कठिन समय में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत मामलों में जरूरी प्रक्रिया पूरी कर राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सहायता राशि के भुगतान में पारदर्शिता और पात्रता के निर्धारित नियमों का ध्यान रखा जाए, ताकि वास्तविक प्रभावित परिवारों को समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, जिला सामान्य शाखा उपसमाहर्ता गौतम कुमार और नजारत उपसमाहर्ता कुमार हर्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

