चाईबासा: दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से मंगलवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला उपायुक्त के निर्देश पर सरायकेला मोड़ से बड़ी बाजार क्षेत्र तक मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और ठेला-खोमचा संचालकों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों को मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में केवल एफएसएसएआई (FSSAI) से अनुमोदित खाद्य रंगों का निर्धारित सीमा के भीतर इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्य पदार्थों को परोसने और पैक करने में अखबार का उपयोग नहीं करने तथा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने मिठाई निर्माण में इस्तेमाल होने वाले दूध के स्रोत और खरीद से संबंधित अभिलेखों को अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान एक दुकान में एक्सपायर्ड लस्सी मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। संबंधित दुकानदार को चेतावनी देते हुए सभी खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि नियमित रूप से जांचने का निर्देश दिया गया।
वहीं, खाद्य अनुज्ञप्ति और साफ-सफाई से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सभी दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और एफएसएसएआई के नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनश्वर हेम्ब्रम और दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।

