जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र में किराए के फ्लैट से संचालित हो रहे साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर पर्दाफाश किया है। ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को मोटी रकम जीतने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम और डेबिट कार्ड तथा 67 सिम कार्ड समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का खुलासा रामगढ़ साइबर अपराध थाना में पांच फरवरी 2026 को दर्ज एक मामले की जांच के दौरान हुआ। अनुसंधान में आरोपियों के जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके में सक्रिय होने की जानकारी मिली। इसके बाद 29 अक्टूबर को रामगढ़ साइबर थाना की टीम जमशेदपुर पहुंची। जमशेदपुर के एसएसपी के निर्देश पर साइबर अपराध थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने बिरसानगर के ओमनगर स्थित हुंगरी टोला रोड नंबर दो में कामेश्वर राम के मकान के प्रथम तल पर बने किराए के फ्लैट में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि आरोपी गेट एंड आईडी नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। शुरुआत में कम पैसे लगाकर बड़ा इनाम जीतने का प्रलोभन दिया जाता था। जब कोई व्यक्ति गेम में रकम हारने लगता था, तो उसे अगली बार बड़ा दांव लगाकर पिछली हार की भरपाई करने का भरोसा दिया जाता था। इस तरह लोग लगातार पैसे लगाते रहते थे और बड़ी रकम गंवा बैठते थे। ठगी से हासिल धनराशि को फर्जी बैंक खातों में भेजा जाता था। इसके बाद अलग-अलग बैंकों के एटीएम और डेबिट कार्ड से नकद निकासी कर रकम को ठिकाने लगाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी चर्च रोड निवासी एम भानु प्रकाश (31), टेल्को बारीनगर बी रोड इमामबाड़ा के पास रहने वाला मो फरहान (21), बिरसानगर जोन नंबर छह के मदर टेरेसा रोड निवासी राहुल मिंज, जोन नंबर दो रोड नंबर दो निवासी अभिषेक राज (25) और सिदगोड़ा निवासी श्रवण सोना (23) शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लैपटॉप, तीन लैपटॉप चार्जर, 25 मोबाइल फोन, 67 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों की नौ पासबुक, 102 एटीएम और डेबिट कार्ड तथा 8440 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा जियो का वाईफाई राउटर, एक यामाहा मोटरसाइकिल और दूसरे वाहन का ओनर कार्ड भी जब्त किया गया है।
पुलिस अब गिरोह के बैंक खातों, ठगी की रकम के लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और सिम कार्ड मिलने से पुलिस को आशंका है कि गिरोह का दायरा जमशेदपुर से बाहर भी फैला हो सकता है। इस कार्रवाई में जमशेदपुर और रामगढ़ साइबर थाना के अधिकारियों तथा बिरसानगर थाना की पुलिस टीम के सदस्य शामिल थे।

