Breaking
Fri. Oct 30th, 2026

खरसावां में अवैध हथियार और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा व चाकू बरामद

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और धारदार चाकू बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खरसावां थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही थी। इसी दौरान प्लस टू हाई स्कूल के समीप एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उसके पास से एक लोडेड अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने मौके से उसकी मोटरसाइकिल संख्या जेएच05ए-0678 को भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान रायजामा गांव निवासी 30 वर्षीय दुबु सरदार के रूप में हुई है। वह श्याम सुंदर सरदार का पुत्र है। मामले में खरसावां थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह के लिखित आवेदन पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A)a और 26 के तहत कांड संख्या 54/2026 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, एएसआई हरेन्द्र प्रसाद सिंह, हवलदार अजय कुजूर, आरक्षी सनातन महतो और आरक्षी महेश रविदास शामिल थे।

Related Post