Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

*29 अक्टूबर को समाज को समर्पित होगी कार्तिक उरांव डिजिटल लाइब्रेरी, उपायुक्त ने किया निरीक्षण*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत कोलचकरा पंचायत के कुरुलिया स्थित कार्तिक उरांव डिजिटल पुस्तकालय का 29 अक्टूबर को स्वर्गीय बाबा कार्तिक उरांव की जयंती के अवसर पर समाज को समर्पित किया जाएगा। यह मॉडर्न हाइब्रिड डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। पूरे भारत में ‘लाइब्रेरीमेन’ के नाम से विख्यात संजय कच्छप ने यह जानकारी दी।

संजय कच्छप ने बताया कि इस पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर संसाधन मिल सकें। डिजिटल स्क्रीन, पुस्तकों, टेबल-कुर्सियों और अन्य जरूरी सुविधाओं से लैस यह पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय का उद्देश्य केवल पढ़ने की जगह उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर देना भी है। इसके समाज को समर्पित होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इधर, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी और प्रखंड विकास पदाधिकारी कंचन मुखर्जी की मौजूदगी में पुस्तकालय में चल रहे सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय परिसर में हैंडवॉश यूनिट, फेवर ब्लॉक, प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल स्क्रीन, टेबल-कुर्सियों, पुस्तकों के रखरखाव और शौचालय सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलना जरूरी है। उन्होंने पुस्तकालय में मौजूद बच्चों से बातचीत कर उन्हें नियमित अध्ययन करने और उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय की स्वच्छता बनाए रखने, पुस्तकों को निर्धारित स्थान पर रखने और सभी सुविधाओं का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को पुस्तकालय की सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने तथा सभी कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।

इस आधुनिक पुस्तकालय के शुरू होने से कुरुलिया और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Related Post