जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब का असर कोल्हान क्षेत्र में दिखने लगा है। मंगलवार की शाम तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से मौसम में अचानक बदलाव आ गया। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 30 अक्टूबर तक सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जतायी गयी है।
रांची स्थित मौसम केंद्र से प्राप्त पूर्वानुमान के आधार पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अगले कुछ दिनों तक चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने नगर निकायों के विशेष पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।
लगातार बारिश होने की स्थिति में शहर और ग्रामीण इलाकों के निचले हिस्सों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी है। तेज हवा और बारिश से कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा कमजोर दीवारों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा धान और सब्जियों समेत खरीफ फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।
संभावित खतरे को देखते हुए उपायुक्त ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पहले से आश्रय स्थलों की पहचान करने और वहां भोजन, पेयजल तथा दवाइयों जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आंधी और बारिश के दौरान बिजली के तार टूटने तथा आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों से संभावित खतरों पर नजर रखने और बिजली से जुड़ी खराबियों को जल्द दूर करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा सुरक्षित भवन में शरण लें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गयी है।

