Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

बिरसानगर के प्रकाश नगर में जुआ अड्डे पर छापा, मकान मालिक समेत 15 गिरफ्तार

जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार, 25 अक्टूबर की शाम एक मकान में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 लाख 67 हजार 400 रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन और ताश के 52 पत्ते बरामद किए। गिरफ्तार लोगों में मकान मालिक प्रीतपाल सिंह भी शामिल है। सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की शाम सूचना मिली थी कि प्रकाश नगर स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर जुआ खेलने और खिलाने का काम किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चिह्नित मकान पर छापेमारी की, जहां कई लोग ताश के पत्तों के जरिए रुपये का दांव लगाते हुए मिले। मौके पर टेबल पर नकदी और ताश के पत्ते बिखरे पड़े थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया और वहां से नकदी समेत अन्य सामान जब्त कर लिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मकान मालिक प्रीतपाल सिंह जुआ खेलने वालों से प्रत्येक राउंड में पैसे लेता था। इसके अलावा, रुपये दोगुने करने का लालच देकर ठगी किए जाने की आशंका से संबंधित सूचना भी पुलिस को मिली है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीन सिंह, अनिरुद्ध सिंह, हीरालाल गुप्ता, आफताब आलम, प्रीतपाल सिंह, बिमलेश सिंह, राजेश कुमार, राजा मंडल, अर्जुन महतो, रंजीत महतो, रवि गुप्ता, मिथुन कुमार, आकाश मुंडा, पप्पू शर्मा और निरंजन श्रीवास्तव शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Post