जमशेदपुर। झारखंड और राजस्थान के बीच रेल संपर्क मजबूत करने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से संतरागाछी से राजस्थान की राजधानी जयपुर के खातीपुरा स्टेशन तक चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम से टाटानगर रेलवे स्टेशन भी जुड़ा रहा, जहां जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नई ट्रेन से जमशेदपुर समेत झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस टाटानगर स्टेशन पर रात 10:50 बजे पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस टाटानगर दोपहर 3:05 बजे पहुंचेगी और 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन लगभग 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, संतरागाछी से ट्रेन बुधवार और खातीपुरा से शुक्रवार को चलाने की व्यवस्था प्रस्तावित है। ट्रेन में एलएचबी कोच लगाए जाएंगे और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी संतरागाछी को दी गई है।
ट्रेन के मार्ग में चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इससे झारखंड के पलामू, लातेहार, गढ़वा और रांची क्षेत्र के यात्रियों को भी राजस्थान की दिशा में रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
खासकर जयपुर जाने वाले यात्रियों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और खाटू श्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को इस ट्रेन से लाभ मिलने की उम्मीद है। खातीपुरा जयपुर क्षेत्र का रेलवे स्टेशन है, जहां पहुंचकर यात्री सड़क मार्ग से शहर और आसपास के धार्मिक स्थलों तक जा सकेंगे। प्रयागराज, कानपुर और आगरा जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने जमशेदपुर में रेलवे की आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 348 करोड़ रुपये, बर्मामाइंस में सिग्नेचर ब्रिज के निर्माण के लिए 132 करोड़ रुपये और सुंदरनगर के पास कुदादा में नए रेलवे स्टेशन के लिए 50 करोड़ रुपये की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने टाटानगर से बेंगलुरु के लिए भी नई ट्रेन चलाने की मांग रखी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि टाटानगर से जयपुर के बीच रेल संपर्क की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने झारखंड में रेलवे के बजट में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। अब यात्रियों की नजर ट्रेन के नियमित परिचालन, टिकट बुकिंग और विस्तृत समय-सारिणी पर रहेगी।

