जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में सोमवार सुबह मोबाइल की ईएमआई को लेकर हुए विवाद में फ्रेंड्स मोबाइल स्टोर में घुसकर तोड़फोड़ और दुकानदार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। दुकान मालिक नसीम हुसैन ने आरोप लगाया है कि 6 से 7 नकाबपोश युवकों ने दुकान में घुसकर उनके साथ मारपीट की और गले से करीब 60 हजार रुपये छीन लिए। घटना के दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
दुकान मालिक के अनुसार, एक युवक ने बजाज फाइनेंस के माध्यम से किस्त पर मोबाइल खरीदा था, लेकिन पहले महीने से ही उसने ईएमआई जमा नहीं की। पिछले करीब 15 दिनों से युवक को फोन कर बकाया किस्त चुकाने के लिए कहा जा रहा था। सोमवार सुबह दुकानदार ने युवक को दुकान के बाहर से गुजरते देखा तो उसे रोककर ईएमआई जमा करने को कहा। इस पर युवक ने कुछ देर बाद रुपये देने की बात कही।
आरोप है कि कुछ समय बाद युवक 6 से 7 अन्य युवकों के साथ दुकान में पहुंचा। सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे। दुकानदार ने जब उन्हें रोकने और दुकान से बाहर जाने को कहा, तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। नसीम हुसैन का आरोप है कि मारपीट के बीच उनके गले से करीब 60 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया। बाद में उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले में पुलिस की जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आनी बाकी है।

