Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

*मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय के 396 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क पोशाक*

चाईबासा: मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय, चाईबासा में सोमवार को अध्ययनरत सभी 396 छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क पोशाक का वितरण किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी को पोशाक की दो-दो जोड़ियां दी गईं। पोशाक मिलने से बच्चों में उत्साह देखा गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की मौजूदगी में वितरण कार्य संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल चन्द्र त्रिपाठी ने दिया। संचालन शिक्षक अरुण प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संदीपन महांती ने किया। विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी विद्यार्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पोशाक उपलब्ध कराई।

समिति के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है। विद्यालय की पोशाक से बच्चों में समानता, अनुशासन और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए समिति आगे भी प्रयास करती रहेगी।

सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय पोशाक बच्चों में समानता, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रगति के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक और अभिभावकों को मिलकर काम करना चाहिए।

समिति के सदस्य मेवालाल होनहागा ने कहा कि विद्यालय पोशाक से विद्यार्थियों में समानता और अनुशासन की भावना विकसित होती है।

इस अवसर पर एसआर रूंगटा ग्रुप के वरीय प्रबंधक सुरेश पोद्दार, शिक्षिका स्वीटी सिन्हा, आरती कुमारी, अमृता शर्मा, मरजीना खातून तथा शिक्षक ओम प्रकाश गुप्ता और प्रमानंद सावैयां उपस्थित रहे।

Related Post