Breaking
Mon. Oct 26th, 2026

*चाईबासा पुलिस ने 48 गुम मोबाइल फोन बरामद कर धारकों को सौंपे*

चाईबासा: चाईबासा पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में सफलता हासिल करते हुए 48 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी अनुसंधान कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से इन मोबाइल फोन को बरामद किया गया। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आईपीएस अधिकारी राजकुमार जयराजू ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पूजा कुमारी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंप दिए गए। इस दौरान आईपीएस अधिकारी राजकुमार जयराजू, एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाईक और पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी उपस्थित थे।

लंबे समय से अपने गुम मोबाइल फोन की तलाश कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले, तो उन्होंने खुशी जाहिर की और चाईबासा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने बताया कि गुम मोबाइल फोन की पहचान और बरामदगी में CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी अनुसंधान के जरिए मोबाइल फोन का पता लगाने में मदद मिली। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया।

चाईबासा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा संचार साथी ऐप के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है, ताकि मोबाइल की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने यह भी बताया कि दूसरे जिलों से आने वाले कुछ गिरोह बाजार-हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी कर दूसरे राज्यों में बेच देते हैं। लोगों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने मोबाइल और कीमती सामान का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Post