जमशेदपुर। जीवन में शांति, सकारात्मकता और आत्मिक शक्ति का संचार करने के उद्देश्य से ब्रह्मा कुमारीज़ यूनिवर्सल पीस पैलेस, सोनारी की ओर से 27 से 29 अक्टूबर तक तीन दिवसीय निःशुल्क शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का मुख्य संदेश “स्वस्थ मन, सुखी जीवन, उज्ज्वल भविष्य” है। इसके माध्यम से लोगों को राजयोग ध्यान, सकारात्मक सोच और व्यावहारिक आध्यात्मिक ज्ञान के जरिए जीवन को शांत, सुखी और सफल बनाने के उपाय बताए जाएंगे। इसकी जानकारी ब्रह्मा कुमारीज़ की कोल्हान प्रभारी बीके अंजू दीदी ने दी।
उन्होंने बताया कि शिविर में युवाओं, विद्यार्थियों, गृहस्थों और व्यवसायियों सहित जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के इच्छुक सभी वर्गों के लोगों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही मन की शांति बनाए रखने, तनाव से मुक्त रहने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों में मधुरता लाने के व्यावहारिक उपाय बताए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को आत्मिक रूप से सशक्त बनाते हुए उनके व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है।
शिविर में प्रातः और शाम को राजयोग ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रश्नोत्तर सत्र, अनुभव साझा करने और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन की व्यवस्था रहेगी। प्रतिभागियों के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां, प्रेरणादायक वीडियो, जीवन से जुड़ी सच्ची घटनाओं पर आधारित कार्यक्रम, आध्यात्मिक खेल और रोचक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। साहित्य प्रदर्शनी के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, नियमित अभ्यास और आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन, बेहतर संबंध और उद्देश्यपूर्ण जीवन की दिशा समझने में सहायता मिलेगी। शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, लेकिन सीटें सीमित होने के कारण पहले पंजीकरण कराना आवश्यक है।
शिविर का आयोजन ब्रह्मा कुमारीज़ यूनिवर्सल पीस पैलेस, प्लॉट नंबर 75, मरीन ड्राइव रोड, सोनारी, आशियाना गार्डन के पीछे, जमशेदपुर में किया जाएगा। शिविर में शामिल होने के लिए प्रातः सात बजे से साढ़े आठ बजे तक, दोपहर तीन बजे से साढ़े चार बजे तक और शाम साढ़े छह बजे से रात आठ बजे तक के सत्र निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति 92347 66511 और 94303 89529 पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। आयोजकों ने लोगों से शिविर में भाग लेकर अपने जीवन में शांति, प्रेम और सकारात्मकता को अपनाने की अपील की है।

