Breaking
Sun. Oct 25th, 2026

रोटरी क्लब और प्रेस क्लब के संयुक्त सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर, 75 से अधिक लोगों ने कराई जांच

जमशेदपुर। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर और प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त सहयोग से रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह सात बजे से साढ़े नौ बजे तक चले इस शिविर में 75 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया।

शिविर में रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष डॉ. वी. एस. पी. सिन्हा और मानद सचिव सुनीत कुमार के नेतृत्व में क्लब के सदस्य एवं चिकित्सक सक्रिय रहे। इस दौरान डॉ. अनिल कुमार, डॉ. आर. भरत, डॉ. एन. सी. सिंघल, डॉ. निर्मल कुमार और डॉ. सौरव बनर्जी सहित अन्य सदस्यों ने अपनी सहभागिता निभाई। वहीं विनोद मेनन, नीलम जायसवाल, एम. एल. अग्रवाल, बासुदेव चौधरी और रोहन मेहता भी आयोजन में शामिल रहे।

प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के साथ बिधा सागर सिंह, अमजद खान, अनिमेष सेन गुप्ता, भोला प्रसाद, मो. जावेद और मो. सदाम समेत कई पत्रकारों ने भी शिविर में भाग लिया। पत्रकारों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर चिकित्सकों से आवश्यक सुझाव प्राप्त किए।

आयोजकों ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय पर पहचान करने और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है। इसी उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर ने प्रेस क्लब के सहयोग से भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

Related Post