Breaking
Sun. Oct 25th, 2026

चाईबासा में पत्नी की हत्या कर घर के फर्श के नीचे दफनाया शव, आरोपी पति हिरासत में

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव में एक महिला की हत्या कर उसके शव को घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से लापता थी। उसके अचानक गायब होने और लंबे समय तक नजर नहीं आने से गांव के लोगों को संदेह होने लगा था। इसके बाद पड़ोसियों ने मृतका की शादीशुदा बेटियों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बेटियां अपने मायके तुंगी गांव पहुंचीं। घर के अंदर पहुंचने पर उन्हें दीवारों पर खून के धब्बे दिखाई दिए। घर की संदिग्ध स्थिति देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल पांड्राशाली थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक छानबीन तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान घर के अंदर ही शव छिपाकर दफनाए जाने की आशंका सामने आई। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के फर्श की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है। इस वारदात से तुंगी गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

Related Post