Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

खूंटपानी के पास शराब से भरा ट्रक पलटा, बोतलें उठाने के लिए ग्रामीणों की उमड़ी भीड़

चाईबासा: चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य सड़क मार्ग एनएच-75 ई पर खूंटपानी के पास शराब की पेटियों से भरा एक तेज रफ्तार में अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे को लेकर वाहन चालक चाईबासा के महादेव कॉलोनी निवासी दीपू महतो ने बताया कि पीछे का दोनों टायर अचानक फट गया था जिसके चलते गाड़ी असंतुलित हुई और पलट गई। आगे उसने बताया कि चाईबासा के उत्पाद विभाग से अंग्रेजी शराब को लेकर जिले के मनोहरपुर जा रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं। कई बोतलें टूटने से सड़क पर शराब बहने लगी, जबकि सुरक्षित बची बोतलों को उठाने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

ट्रक पलटने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई। कुछ लोग घरों से झोला और प्लास्टिक की बोरी लेकर पहुंचे, तो कुछ बाल्टी, तसला और अन्य बर्तन लेकर शराब की बोतलें उठाने में जुट गए। मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।

सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों के बीच होड़ मच गई। कई लोग दोनों हाथों में बोतलें लेकर जाते दिखाई दिए, जबकि कुछ लोग अधिक से अधिक बोतलें इकट्ठा करने की कोशिश करते रहे। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

हादसे के कारण सड़क पर बिखरी बोतलों और लोगों की भीड़ से आवागमन भी प्रभावित होने की आशंका बनी रही। हालांकि, ट्रक पलटने की इस घटना में चालक या अन्य किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है। दुर्घटना के कारणों और नुकसान के संबंध में भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Post