चाईबासा: आमला टोला स्थित राणी सती मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दान पेटी व रुपये बरामद करने पर मंदिर प्रबंधन समिति ने सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी और सहायक अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह को सम्मानित किया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों को माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मंदिर में चोरी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया और दान पेटी समेत चोरी की गई राशि बरामद की। पुलिस की इस कार्रवाई पर मंदिर प्रबंधन समिति ने संतोष जताते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी प्रभात पसारी ने जिले के पुलिस अधीक्षक सहित पूरे प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना का समय पर खुलासा होने से आम जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है। इससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने में भी मदद मिलती है।
मंदिर समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। चोरी की घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया। इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने पुलिस टीम की सराहना की।
सम्मान कार्यक्रम में मंदिर समिति के प्रभात पसारी, अभिषेक पसारी, सुशील पसारी, राकेश बुधिया और सुशील चोमाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

