Breaking
Wed. Oct 21st, 2026

कांड्रा में झाड़ियों से बरामद हुआ लापता हाईवा चालक का शव, जांच में जुटी पुलिस

कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गिद्दीबेड़ा टोल से चांडिल जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के मानबाजार निवासी 45 वर्षीय अनिल सोरेन उर्फ लंबू ड्राइवर के रूप में की गई है। वह 17 अक्टूबर से लापता था। कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे परिजनों को शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गिद्दीबेड़ा टोल से चांडिल जाने वाले मार्ग पर आधुनिक पावर के पंप के समीप झाड़ियों से दुर्गंध आने पर राहगीरों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आसपास के होटल संचालकों और टोल कर्मियों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान अनिल सोरेन के रूप में की।

अनिल सोरेन पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बोरो थाना क्षेत्र के मानबाजार अंतर्गत गोलपाड़ा गांव का निवासी था। उसका पता गोलपाड़ा, पोस्ट ऑफिस डांगरडीह बताया गया है। वह पिछले कुछ दिनों से सत्यनारायण महतो के यहां हाईवा चालक के रूप में काम कर रहा था। बताया जाता है कि 17 अक्टूबर से उसके लापता होने के बाद उसकी खोजबीन की जा रही थी। उसके लापता होने की सूचना सत्यनारायण महतो ने उसके भाई और संबंधित थाने को दी थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी उसकी तस्वीर और जानकारी साझा कर उसे खोजने की अपील की गई थी।

अनिल के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद उसका भाई भी कांड्रा पहुंचा था। उसने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। बुधवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में उसका शव मिलने से उसकी तलाश का दुखद अंत हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अनिल सोरेन की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Post