चाईबासा: झारखंड जेनरल कामगार यूनियन के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने शनिवार को मजदूरों की शिकायत पर जलडीहा, जगन्नाथपुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के स्टेट ऑफ आर्ट्स भवन निर्माण स्थल का जायजा लिया। इस दौरान मजदूरों ने उन्हें बताया कि निर्माण कार्य में लगे रेजा-कुली को 350 रुपये और मिस्त्री को 500 से 550 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है। मानसिंह तिरिया ने शिकायत की जांच के बाद मजदूरों की बात को सही पाया।
मानसिंह तिरिया ने कहा कि इससे पहले भी इस मामले को उठाया गया था। उस समय मजदूरों को मिस्त्री के लिए 700 रुपये और रेजा-कुली के लिए 450 रुपये मजदूरी देने पर सहमति बनी थी। यूनियन, श्रमिकों और परियोजना प्रबंधन के बीच हुए लिखित समझौते में स्थानीय मजदूरों को काम देने, सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान करने, पीएफ की सुविधा उपलब्ध कराने, बैंक खाते के माध्यम से भुगतान, हाजिरी कार्ड और सुरक्षा उपकरण देने सहित कई मांगों पर सहमति बनी थी।
उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन पूर्व में तय मजदूरी दर के अनुसार भुगतान नहीं करता है, तो यूनियन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगी। मजदूरों के हितों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
मामले को लेकर मानसिंह तिरिया ने निर्माण स्थल के इंचार्ज से फोन पर संपर्क कर मजदूरों की मजदूरी दर ठीक करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 24 अक्टूबर 2026 को दोबारा बैठक की जाएगी। बैठक में स्थानीय मजदूरों को काम देने और पहली तथा दूसरी पाली में काम कराने की व्यवस्था पर चर्चा होगी, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय मजदूरों को रोजगार मिल सके।
तिरिया ने कहा कि स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि उन्हें काम की तलाश में दूसरे स्थानों पर पलायन नहीं करना पड़े।
इस दौरान गोमा पुरती, जादू केराई, बब्लू सुन्डी, लक्ष्मण बालमुचू, सोमवारी सिंकु सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

