चाईबासा: मनोहरपुर में शनिवार को दुर्गा पूजा की रौनक बढ़ गई। शहरी क्षेत्र के पांच प्रमुख पूजा पंडालों का सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
सांसद और विधायक ने हाजरा स्थित देवी स्थान पूजा समिति, संत नरसिंह आश्रम दुर्गा पूजा समिति, लाइनपार स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, रेलवे कॉलोनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति तथा मनोहरपुर साइडिंग दुर्गा पूजा समिति के पंडालों का उद्घाटन किया। पूजा समितियों के सदस्यों ने गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। पंडालों के पट खुलने के साथ ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। यह लोगों को प्रेम, भाईचारे और एकता के साथ रहने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
विधायक जगत माझी ने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखें।
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. डोडराय, इंस्पेक्टर अमित रोशन कुल्लू, थाना प्रभारी एमिएल एक्का, मुखिया पूजा कुजूर, अश्वनी बघेल, बसंत हरलालका, सूरज गुप्ता, विनोद सिंह, भरत यादव, खुशबू गुप्ता, विक्रम सिंह, निखिल साह, यशवंत कटियार, बशिष्ट यादव और बंधना उरांव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

