जमशेदपुर: टिनप्लेट सब्जी मंडी में आग लगने से प्रभावित केबुल बस्ती निवासी सब्जी विक्रेता अच्छे लाल महतो को राहत पहुंचाने के लिए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की ओर से दो तिरपाल भेंट किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि बीती रात टिनप्लेट सब्जी मंडी स्थित अच्छे लाल महतो की दुकान में आग लग गई थी। इस घटना में करीब 60 हजार रुपये की सब्जियां जलकर नष्ट होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई थी। आग लगने से दुकानदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के बाद पीड़ित दुकानदार को राहत देने के उद्देश्य से दो तिरपाल उपलब्ध कराए गए, ताकि वह अपनी दुकान को दोबारा व्यवस्थित करने और कारोबार शुरू करने की दिशा में प्रयास कर सके।
इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी दिनेश कुमार, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, अशोक समंता, बंटी अग्रवाल, श्रीनू राव, अमरेंद्र कुमार और कमल गुप्ता उपस्थित रहे।
मौके पर दिनेश कुमार ने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ित दुकानदार के साथ खड़ा होना सामाजिक दायित्व है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का प्रयास है कि प्रभावित परिवार को यथासंभव सहायता मिले और वह जल्द अपना व्यवसाय फिर से शुरू कर सके। उन्होंने विधायक पूर्णिमा साहू के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना समाज को मजबूत बनाती है।

