Breaking
Tue. Oct 13th, 2026

दुर्गा पूजा से पहले बहरागोड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, संदिग्ध मिठाइयां नष्ट कराई गईं

जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान बाजार में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार शाम बहरागोड़ा बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री से बचाना तथा दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना था।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मुन्ना कुमार, राजहंस कुमार और अविनाश किस्कु के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बाजार की विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कमियां सामने आईं। वहीं, कुछ मिठाई दुकानों में मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

त्योहारी मौसम से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से बहरागोड़ा बाजार के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अचानक जांच टीम के पहुंचने के बाद कई दुकानदारों में अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई। कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से हटते नजर आए। विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मामले में आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है। त्योहार के दौरान मिठाई, नाश्ते और अन्य खाद्य पदार्थों की खरीदारी बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए इस तरह के जांच अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Related Post