बोकारो। अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर बोकारो पुलिस की गश्त व्यवस्था मजबूत होगी। पुलिस मुख्यालय से मिलीं 53 जीपीएस और सायरनयुक्त मोटरसाइकिलों का पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों के बीच वितरण किया। इनके मूवमेंट की निगरानी वरीय अधिकारी करेंगे। नई मोटरसाइकिलों से संकरी गलियों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और दुर्गापूजा पंडालों तक पुलिस की पहुंच आसान होगी। इससे नियमित गश्त के साथ आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में भी सहूलियत मिलेगी। दुर्गापूजा के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इनका इस्तेमाल खास तौर पर महत्वपूर्ण होगा। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में मोटरसाइकिलों का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों को अपने मोबाइल नंबर स्थानीय समूहों और मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर आम लोग उनसे सीधे संपर्क कर सकें। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इससे पहले जिले के विभिन्न थानों को 103 मोटरसाइकिलें और 78 बोलेरो दी जा चुकी हैं। अब 53 और मोटरसाइकिलें मिलने से पुलिस की गश्त व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
अपराध नियंत्रण को बोकारो पुलिस को मिलीं 53 बाइक — जीपीएस-सायरन से लैस मोटरसाइकिलों से बढ़ेगी निगरानी, गश्त करने वाले जवानों के मोबाइल नंबर होंगे सार्वजनिक

