बोकारो। वेदांता समूह की कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड के बोकारो स्थित प्लांट में रविवार को गैस के संपर्क में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोमिया के तिलैया निवासी सोहन महतो और धनबाद के डिगवाडीह निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही प्लांट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट में काम करने के दौरान दोनों श्रमिक गैस के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक ईएसएल स्टील लिमिटेड का कर्मचारी था, जबकि दूसरा कंपनी के बिजनेस पार्टनर के यहां कार्यरत था।
घटना के बाद ईएसएल स्टील लिमिटेड ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए स्वतंत्र जांच कराने की बात कही है। कंपनी के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, घटना को लेकर आसपास के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी जाती। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण इस तरह के हादसे होते हैं। हालांकि, गैस के संपर्क में आने की परिस्थितियों और हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

